खाद्य सुरक्षा सूची में नाम नहीं रहने से आक्रोश
संवाद सहयोगी, कुंडहित : खाद्य सुरक्षा सूची में नाम नहीं जोड़ने से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में विभिन
संवाद सहयोगी, कुंडहित : खाद्य सुरक्षा सूची में नाम नहीं जोड़ने से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में विभिन्न गांवों से आए महिला पुरूषों ने कुंडहित प्रखंड मुख्यालय स्थित डाकबंगला मैदान में एकत्रित होकर आक्रोश जताया। शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचे लोगों का इरादा धरना प्रदर्शन करने का था लेकिन मुख्यालय में अधिकारी के मौजूद नहीं रहने के कारण धरना कार्यक्रम टाल दिया गया। डाकबंगला मैदान में एकत्रित लोगों ने जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल को अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि हम सभी गरीब तबके के लोग हैं। पहले हमलोगों को राशन और केरोसिन मिलता था। लेकिन राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लागू होने के बाद से हमलोगों को राशन और किरासन मिलना बंद हो गया है। खाद्य सुरक्षा सूची में बड़ी संख्या में अमीर और अयोग्य लोगों का नाम शामिल कर दिया गया है जबकि कितने गरीबों का नाम छोड़ दिया गया है। सूची में नाम नहीं रहने के कारण डीलर अनाज नहीं दे रहा है। लोगों ने बताया कि सूची में नाम चढ़ाने के लिए हमलोगों ने फार्म भरकर जमा भी किया है लेकिन अभी तक हमलोगों का नाम नहीं चढ़ाया गया। लोगों की समस्या सुनने के बाद जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल ने कहा कि अभी प्रखंड में अधिकारी नहीं हैं उनके आने के बाद वस्तुस्थिति की जानकारी ली जाएगी तथा अधिनियम की अहर्ताओं को पूरा करनेवाले लोगों का नाम सूचीबद्ध कराया जाएगा। जिप सदस्य के समझाने के बाद लोग अपने-अपने घरों को लौट गए।