पांच दिन में चार घंटे हुई पेयजल आपूर्ति
जामताड़ा : शहरी पेयजल आपूर्ति बीते एक सप्ताह से करीब-करीब बंद ही है। बीते पांच दिन के दरम्यान महज चार
जामताड़ा : शहरी पेयजल आपूर्ति बीते एक सप्ताह से करीब-करीब बंद ही है। बीते पांच दिन के दरम्यान महज चार घंटे ही पानी की आपूर्ति कराई जा सकी है। इधर पानी बंद होने से शहर की बड़ी आबादी परेशानी में पड़ी हुई है। मामूली काम के लिए बाधित है आपूर्ति। कर्मी ने बताया कि पंप हाउस में मोटर का कैम्पलर खराब था जिसके चलते आपूर्ति बंद थी। मंगलवार को नगर पंचायत के द्वारा इसका मरम्मत करवाने के बाद मोटर चलाया गया। शाम में करीब तीन घंटे मोटर चला और फिर सुबह में करीब सवा घंटा चलने के बाद मोटर बंद हो गया। बताया कि इसमें भी मामूली खराबी है जिसे बहुत कम समय में सुधारा जा सकता है पर पंप हाउस में मोटर खोलने का औजार नहीं है जिस कारण उचित व्यवस्था होने तक काम बाधित ही रहेगा। इस तरह के व्यवस्थापन का पूरा दायित्व अभी नगर पंचायत पर है। वर्तमान में संचालित पुरानी परियोजना भगवान भरोसे ही चल रहा है। सभी संयंत्र जर्जर स्थिति में हैं। नई परियोजना का हाल यह है कि अभी भी इसे आरंभ करने में महीना से ज्यादा समय लग सकता है। इसके आरंभ होने से शहर में पानी की समस्या दूर हो जाएगी। शहर की बड़ी आबादी घरेलू कार्य के लिए सप्लाई वाटर पर ही निर्भर हैं जिस कारण आपूर्ति बंद होने से समस्या उत्पन्न होने लगती है। नगर पंचायत कर्मी ने बताया कि पंप की नई समस्या समाधान के लिए भी कर्मी भेज दिया गया है और देर शाम से सप्लाई आरंभ हो जाएगी।