आंदोलन के लिए सशक्त संगठन जरूरी
संस, जामताड़ा : रविवार को पुराना सदर अस्पताल परिसर में ऑल इंडिया आशा (सहिया) वर्कर्स फेडरेशन के तत्वावधान में सहिया व कर्मचारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मीना देवी ने की। वहीं बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में संघ के संयोजक कामरेड चिंतामणि मंडल व एंटक के उपाध्यक्ष नमिता रानी गोराई शामिल थीं। बैठक में सहियाओं व कर्मचारियों को दिल्ली सरकार को संघ द्वारा सौंपे गए मांगपत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कहा कि अपनी मांगों के लिए सभी जिले व प्रखंड में धारदार आंदोलन शुरू करने को ले संगठन विस्तार करने का कार्य करें। इस क्रम में कामरेड हर प्रसाद खां ने कहा कि आशा कर्मी व सहिया केंद्र सरकार के योजना के अंतर्गत आता है। इसलिए स्थानीय स्तर के संगठन से इन सभी को कोई लाभ नहीं होगा। सभी कर्मियों को ट्रेड यूनियन से जुड़कर कार्य करना होगा तभी समस्याओं का समाधान होगा। बैठक में संघ प्रतिनिधि के समक्ष सहियाओं व कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को रखा। समस्याओं को सूचीबद्ध किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि दुर्गापूजा के उपरांत सभी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा ताकि निदान शीघ्र हो सके। जरूरत पड़ने पर जिला, राज्य व केंद्र सरकार के समक्ष भी धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में सावित्री देवी, शहनाज बीबी, नजमा खातून, सुनीता मंडल, निर्मला राय, लालू देवी, संध्या देवी, प्रभाती पंडित, छवि बाउरी, मनीषा राय, रेणु देवी, लखी देवी आदि सहिया व कर्मचारी उपस्थित थी।