पूर्ण बहुमतवाली सरकार बनाने को रहें तैयार
जासं, जामताड़ा : सूबे में बहुत जल्द विधानसभा चुनाव होनेवाला है। इस चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनानी है। इसलिए यह जरूरी है कि पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से इसके लिए तैयार रहें और काम करें। जिले के दोनों विधानसभा जामताड़ा व नाला में भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाना है। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह नपं अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कहा। वह रविवार को नगर भवन परिसर में आयोजित भाजपा युवा मोर्चा के बैनर तले युवा सम्मेलन के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में झामुमो, झाविमो व कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने जनता को छलने का काम किया है। अपने स्वार्थ को साधने के लिए सरकार में शामिल हुए और सरकार से अलग हुए हैं। ऐसी पार्टियों को सबक सिखाने के लिए जनता ने मन बना लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में इस बार झारखंड में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। उन्होंने बिजली, मनरेगा आदि योजनाओं को सुव्यवस्थित करने की बात कहीं। साथ ही, जामताड़ा थाना रोड, बेवा बाइपास आदि जर्जर सड़कों के अविलंब मरम्मत करने को कहा। नहीं, तो पार्टी सदस्य उग्र आंदोलन करेंगे। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रंजीत तिवारी ने अपने संबोधन में युवा कार्यकर्ताओं को एकजूट होकर पार्टी हित में कार्य करने की बात कहीं। वहीं युवा मोर्चा के वरीय नेता ब्रज किशोर झा व पूर्व जिलाध्यक्ष लालटू सर्खेल ने अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पार्टी नीति व विकास के लिए लोगों को गोलबंद करने की बात कहीं। इस पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक रैली निकाली। जो नगर भ्रमण करते हुए वापस नगर भवन पहुंच कर सभा में तब्दील हो गई। रैली के कारण थोड़ी देर शहर में यातायात व्यवस्था में भी व्यवधान उत्पन्न हुई। मौके पर पार्टी के नगर अध्यक्ष महावीर सरावगी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य संतन मिश्र, मोहन शर्मा, मनीष दूबे, टोपाटांड़ पंचायत मुखिया महेंद्र मोहली समेत अन्य ने अपना वक्तव्य रखा। मंच संचालन पार्टी के जिला महामंत्री अनूप पांडेय ने किया। मौके पर पवन मंडल, तमाल, निलांबर मंडल, संजय ओझा, मुकेश तिवारी, बुलू देवी, मैनेजर मंडल, कार्तिक भंडारी, श्याम सुंदर राय, राजेश यादव, मोहित दे, भूदेव मंडल, मोहन मंडल, राजेश आदि उपस्थित थे।