राष्ट्र निर्माण करना स्वयंसेवकों का उद्देश्य
जासं, जामताड़ा : राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला इकाई के द्वारा शनिवार को पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय नगर भवन परिसर से शुरू होकर यह संचलन कार्य स्टेशन रोड, मुख्य बाजार होते हुए सुभाष चौक व फिर नगर भवन परिसर में पहुंचकर समाप्त हो गया। इससे पूर्व परिसर में ही स्वयंसेवकों को कतारबद्ध कर संचलन के नियम और उद्देश्य की जानकारी दी गई। पथ संचलन में बैंड बजाते हुए युवकों का दल भी शामिल हुआ। संघ ध्वजा लगाने के बाद ध्वज गीत गाया गया फिर संचलन शुरू हुआ। पथ संचलन का यह क्रम नगर भवन पहुंचकर बौद्धिक सभा में परिणत हो गया। इस मौके पर बतौर मुख्य वक्ता के रूप में हिमांशु शेखर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व्यक्ति, समाज और राष्ट्र निर्माण का कार्य करता है। हम आपदा काल में देश की सेवा को तत्पर रहते हैं। चीन के लड़ाई के दौरान और गुजरात भूकंप के दौरान स्वयं सेवकों के द्वारा किए गए साहसिक कार्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने संघ के बारे में विस्तार से जानकारी दिया। कहा कि हमारी एकता में ही संघ की अखंडता निहित है। हमें देश सेवा की भावना से प्रेरित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना है। पथ संचलन के दौरान डीएवी स्कूल की छात्राओं ने रास्ते में पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का हौसला बढ़ाया। पथ संचलन में स्वयंसेवक बाबू मुखर्जी ने ध्वज संभालने की जिम्मेदारी निभाई। इस कार्यक्रम में केके दुबे, दिवाकर घोष, कृष्णा साव, वासुदेव यादव, शैलेंद्र शेखर, सोनू सिंह, सुरेश दास, संजय परशुरामका, संजय मंडल आदि सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित थे।