अव्यवस्था फैलानेवालों से सख्ती से पेश आएं
जामताड़ा : समाहरणालय स्थित पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक नागेंद्र चौधरी ने इंडियन रिजर्व बटालियन व जिला पुलिस के जवानों को संबोधित करते हुए समय पर सभी चेकपोस्ट के लिए रवाना होने को कहा। कहा कि बूथ पर अव्यवस्था फैलाने वालों से सख्ती से पेश आएं। एसपी ने स्वयं जवानों को कमान देख टुकड़ियों में गंतव्य तक रवाना कराया। उन्हें ड्यूटी पर मुस्तैद रहते हुए अपने वरीय पदाधिकारियों से लगातार संपर्क में रहने को कहा। जिले में नाला, जामताड़ा व सारठ (अंश) विधानसभा क्षेत्र के कुल 696 बूथ हैं जिनमें से 176 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील, 229 संवेदनशील व 291 सामान्य मतदान केंद्र हैं। अतिसंवेदनशील
व संवेदनशील बूथों पर पुलिस प्रशासन की विशेष नजर है। इन बूथों पर आइआरबी जवान के साथ पारा मिलेट्री फोर्स व पुलिस जवान तैनात किया गया है। सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में भी अलग से चौकसी बरती जा रही है। जिला पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेक पोस्ट बनाया है।