पॉवर हाउस तीन और बीपीएच में हुआ री-ऑर्गनाइजेशन
टाटा स्टील के पॉवर हाउस तीन और ब्लोअर एंड पॉवर हाउस में गु
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टाटा स्टील के पॉवर हाउस तीन और ब्लोअर एंड पॉवर हाउस में गुरुवार को री-ऑर्गनाइजेशन हो गया। कमेटी मेंबरों के दबाव और टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व की कोशिशों की वजह से इन दोनों विभागों में जरूरत के अनुसार कर्मचारी हो गए हैं। ऑपरेशन में 51 और मैकेनिकल में 18 कर्मचारी संख्या पर प्रबंधन राजी हो गया। पावर हाउस तीन के कमेटी मेंबर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ऑपरेशन में पहले कुल 62 पद थे। वर्तमान में 45 कर्मचारी ही काम कर रहे थे। वहीं मैकेनिकल में 18 कर्मचारी पहले थे। कुछ माह पहले एक कर्मचारी सेवानिवृत्त हो गया था। प्रबंधन 18 कर्मचारी देने पर राजी हुआ। हम लोगों ने 20 की डिमांड की थी।
कम्प्रेशर हाउस में अब दो-दो कर्मी करेंगे हर शिफ्ट में काम
ब्लोअर एंड पॉवर हाउस के कमेटी मेंबर एबी साउद खान ने बताया कि उनके अधीन आने वाले मैकेनिकल विभाग में री-ऑर्गनाइजेशन समझौता बेहतर हुआ है। विशेष कर कम्प्रेशर हाउस के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। पहले रात्रि प्रहर में एक ही कर्मचारी रहता था। री-ऑर्गनाइजेशन के बाद अब प्रत्येक शिफ्ट में यहां दो-दो कर्मचारी रहेंगे। 2005 से हम लोग ये मांग करते आ रहे थे। समझौते के अनुसार मैकेनिकल में तीन फोरमैन हो गए हैं। पहले इनकी संख्या दो थी। असिस्टेंट फोरमैन पहले पांच थे। अब छह हो गए हैं। कलस्टर ए, बी व सी में पांच-पांच कर्मचारी रहेंगे। बेहतर समझौते के लिए शेयर्ड सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट सुरेश कुमार, अवनीश गुप्ता एवं टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व की अहम भूमिका रही।
-------------------
जिन विभागों में आरओ हो गया है उनके कर्मचारियों को एक जुलाई 2017 से री-ऑर्गनाइजेशन का लाभ मिलेगा। जिन्हें प्रमोशन मिलेगा उन्हें प्रमोशन संबंधी लाभ मिलेगा।
-आर रवि प्रसाद, अध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन।