जमशेदपुर के अब्दुल बारी मेमोरियल कॉलेज में पथराव, जानिए किस कारण बिगड़े हालात
जमशेदपुर का अब्दुल बारी मेमेरियल कॉलेज (एबीएम कॉलेज) गुरुवार सुबह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। अचानक कॉलेज में पथराव होने लगा।
जमशेदपुर, जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर का अब्दुल बारी मेमेरियल कॉलेज (एबीएम कॉलेज) गुरुवार सुबह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। अचानक कॉलेज में पथराव होने लगा। वाहनों के शीशे चटखले लगे। चारों तरफ भगमभाग मच गई। हालांकि, सूचना पर पुलिस ने तत्काल पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया गया। पत्थर बरसाने वाले युवक पुलिस को देखते ही भाग खड़े हुए।
आरोप है कि कॉलेज के बगल में स्थित बस्ती के युवकों ने कॉलेज परिसर में पथराव किया। यह कॉलेज गुलमुरी थाना इलाके में पड़ता है और थाने से ज्यादा दूर नहीं है। इस घटना के पीछे कॉलेज में पढ़ने वाले बस्ती के एक छात्र का हाथ बताया जा रहा है। छात्र इंटरमीडिएट का है और वह अपनी एक मित्र छात्रा के साथ कक्षा में बैठा था। इन दोनों को कॉलेज के विद्यार्थियों ने बाहर जाने को कहा। बात इसी से बिगड़ी। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। उसके समर्थन में बस्ती के युवकों की टोली पहुंच गई और पथराव करने लगी। पथराव में कॉलेज के सामने खड़ी आधा दर्जन गाड़ियां आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की जानकारी होने पर कॉलेज प्रबंधन ने गोलमुरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर पथराव कर रहे युवकों को खदेड़ दिया। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन, पुलिस और कॉलेज के छात्रों ने मामले को संभाल लिया। फिलहाल मामला शांत है ।