अब धान की खरीद भी डीबीटी से होगी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने अब किसानों से धान की खरीद के लिए पारदर्शी त
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने अब किसानों से धान की खरीद के लिए पारदर्शी तरीका लागू करने का निर्णय लिया है, जिसमें धान की राशि किसानों को डीबीटी या आरटीजीएस के माध्यम से उनके बैंक खाते में जाएगी।
इस संबंध में बुधवार को राज्य सरकार के सचिव (खाद्य आपूर्ति विभाग) विनय चौबे ने वीडियो कांफ्रेंसिंग की, जिसमें जिलों के आपूर्ति विभाग को प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके तहत एक फार्मेट जारी किया गया है, जिसमें किसान का नाम-पता, प्लॉट संख्या, रकबा के अलावा उनका मोबाइल नंबर, आधार संख्या और बैंक खाता संख्या दर्ज किया जाएगा। आवेदन जमा करने के बाद अंचलाधिकारी इसे सत्यापित करके जिला मुख्यालय को देंगे। इसे कंप्यूटर में फीड किया जाएगा। किसान को एसएमएस के माध्यम से बताया जाएगा कि उन्हें कब और कहां धान पहुंचाना है। धान का क्रय होने के बाद 48 घंटे के अंदर उसका मूल्य उनके बैंक खाते में भेज दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से इसी सीजन में दिसंबर से धान की खरीद शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसान अपना धान पैक्स या एफसीआइ को बेचते थे, लेकिन जिला या राज्य के पास इसका विवरण नहीं होता था। खरीद मूल्य को लेकर भी परेशानी होती थी। वीडियो कांफ्रेंसिंग में उपायुक्त अमित कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिलीप कुमार तिवारी व विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी (राशनिंग) बिंदेश्वरी ततमा भी उपस्थित थे।