अंचल अधिकारी नहीं दे रहे अवैध ईट-भट्ठों की सूची
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जिला खनन पदाधिकारी ने पूर्वी सिंहभूम के प्रखंडों में चल रहे अ
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जिला खनन पदाधिकारी ने पूर्वी सिंहभूम के प्रखंडों में चल रहे अवैध ईट-भट्ठों के बारे में सभी अंचल अधिकारियों से दोबारा रिपोर्ट मांगी है। खनन पदाधिकारी विंकटेश प्रसाद सिंह ने बताया कि अंचलों में चल रहे अवैध ईट-भट्ठों की वजह से सरकारी राजस्व का काफी नुकसान हो रहा है। अवैध खनन को भी बढ़ावा मिल रहा है। सभी अंचलाधिकारियों से पहले भी अवैध ईट-भट्ठों के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी गई थी मगर किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब पुन: पत्र जारी कर सभी तरह के ईट-भट्ठों की सूची मांगी है ताकि अवैधकर्ताओं के विरुद्ध जेएमएमसी रूल 2004 एवं संशोधित नियमावली के अंतर्गत अर्थदंड की वसूली कर सरकार के राजस्व में वृद्धि की जा सके। यहां बता दें कि पिछले दिनों हुई जिलास्तरीय राजस्व की बैठक में उपायुक्त अमित कुमार ने जिला खनन पदाधिकारी को कम राजस्व वसूली के लिए शो-कॉज किया था। खनन पदाधिकारी का कहना है कि अंचल से अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए मदद नहीं मिल रही है। लगातार पत्राचार के बाद भी अंचल अधिकारी अपने अंचल में चल रहे ईट-भट्टा व अवैध बालूघाट की सूची नहीं दे रहे हैं। राजस्व में गिरावट का यह भी एक बड़ा कारण है।