अर्बन सर्विसेज की जीत में 'ईश्वर' कृपा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : ईश्वर हांसदा की हैट्रिक की बदौलत अर्बन सर्विसेज ने जमशेदपुर स्पोर्टिग
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : ईश्वर हांसदा की हैट्रिक की बदौलत अर्बन सर्विसेज ने जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय आर्मरी ग्राउंड में खेले गए ए डिवीजन लीग के एक मुकाबले में एम क्लब को 4-0 से पराजित कर दिया।
पूरे मैच के दौरान एम क्लब की एक नहीं चली। खेल के शुरुआत से ही अर्बन सर्विसेज विरोधी टीम पर दबाव बनाए हुए थी। इसका उसे फायदा भी मिला। ईश्वर हांसदा ने सातवें मिनट में दाई ओर से आ रही गेंद को सीधे गोल जाल में पहुंचा दिया। शुरुआती झटके ने एम क्लब को सचेत कर दिया और वह पूरी तरह रक्षात्मक मुद्रा में आ गई। लेकिन अर्बन सर्विसेज भी इतनी आसानी से मौका गंवाना नहीं चाहता था। मध्यांतर तक अर्बन सर्विसेज 1-0 से आगे थी। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। खेल के 40वें मिनट में ईश्वर हांसदा ने एक बार फिर अपनी जादुई पैरों का कमाल दिखाया और शानदार गोल कर अर्बन सर्विसेज को 2-0 से बढ़त दिला दी। इस दोहरे झटके ने एम क्लब की कमर तोड़कर रख दी। खेल के 54वें मिनट में बिनोद मुर्मू ने बेहतरीन गोल कर टीम का स्कोर को 3-0 पर ला खड़ा किया। रही सही कसर ईश्वर हांसदा ने पूरी कर दी। उन्होंने केल के 64वें मिनट में शानदार गोल कर एम क्लब की हार पर अंतिम मुहर लगा दी।
उधर, टिनप्लेट ग्राउंड में खेले गए एक अन्य मुकाबले में आदिवासी रुरल ग्रीन क्लब ने सिदो-कान्हू फुटबॉल अकादमी को गोलरहित बराबरी पर ला खड़ा किया।
गोपाल मैदान में खेले गए सुपर डिवीजन लीग के एक मुकाबले में डीएसएस ने पार्क्स इंडिया को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया। मध्यांतर तक दोनों में से किसी टीम को सफलता नहीं मिल पाई। पार्क्स इंडिया की ओर से सुजीत सोरेन ने 50वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद दोनों ही टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस बीच डीएसएस की ओर से 80वें मिनट में आजू मुर्मू ने गोल कर पार्क्स इंडिया को ड्रॉ पर रोक दिया।