चाकू घोंपकर ले ली जान, अब परिवार को दे रहा बुरे अंजाम की धमकी
पहले परिवार के कमाउ सदस्य की चाकू घोंपकर जान ले ली और अब परिवार के सदस्यों को बुरे अंजाम की धमकी दे रहा है।
जमशेदपुर, जेएनएन। पहले परिवार के कमाउ सदस्य की चाकू घोंपकर जान ले ली और अब परिवार के सदस्यों को बुरे अंजाम की धमकी दे रहा है। डरा-सहमा परिवार आस-पड़ोस के लोगों को लेकर शुक्रवार को वरीय आरक्षी अधीक्षक के कार्यालय पहुंचा और पूरी कहानी बयां करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। मामला पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के उलीडीह इलाके का है।
राजमिस्त्री था शेख रब्बान
उलीडीह थाना के शंकोसाई रोड नंबर पांच स्थित हयातनगर में 13 नवंबर की रात चाकू मारकर राजमिस्त्री शेख रब्बान (35 वर्ष) की हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में उलीडीह पुलिस ने दो आरोपितों मो. रूस्तम पुत्र यासिन खान तथा मो. शहनवाज पुत्र सहादत हुसैन अंसारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया। मृतक की पत्नी रेहाना के बयान पर थाने में नामजद मामला दर्ज कराया गया था।
थाने नहीं जाने की चेतावनी
बस्तीवासियों ने पुलिस को बताया कि शेख रब्बान की हत्या में शामिल आरोपित व उसके परिजन ने बस्तीवासी को खुलेआम धमकी दी है। कहा है कि मेरे खिलाफ जो भी थाना गया, उसका अंजाम बुरा होगा। बस्तीवासियों में भय का माहौल है। एक व्यक्ति ने बताया कि जेल भेजे गए रूस्तम के पिता ने तो कई लोगों को धमकी दी है और कहा कि जेल जाएंगे, लेकिन कुछ लोगों की हत्या करने के बाद।
शिबू बच्चा का है सहयोगी
पुलिस के मुताबिक सभी आरोपित नशा के आदी हैं और मानगो से बीते सप्ताह पिस्तौल कारतूस के साथ गिरफ्तार किए गए शिबू बच्चा के सहयोगी हैं। शेख रब्बानी अंसारी से आरोपितों का विवाद चल रहा था। बच्चों के बीच लड़ाई को लेकर महबूब अंसारी से उसका विवाद हुआ था। जिन्हें समझाने को शेख रब्बानी गया था। इसी को लेकर विवाद हुआ था।