वाणिज्यकर चाईबासा के प्रभारी बदले
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : वाणिज्य कर विभाग, जमशेदपुर प्रमंडल के चाईबासा अंचल प्रभारी बदल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
वाणिज्य कर विभाग, जमशेदपुर प्रमंडल के चाईबासा अंचल प्रभारी बदल दिए गए। वहां पदस्थापित रवि प्रकाश रौनक का तबादला वैट आडिट, धनबाद स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि उनके स्थान पर आदित्यपुर अंचल के सहायक आयुक्त रतनलाल गुप्ता को पदस्थापित किया गया है। गुप्ता को प्रोन्नति मिली है। बताया जाता है कि यह कार्रवाई कम राजस्व संग्रह से भी जुड़ा हुआ है। सोमवार को रांची स्थित वाणिज्य कर मुख्यालय में वैट आडिट की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें राज्य भर के उन अंचल प्रभारियों को भी तलब किया गया था, जिनका राजस्व संग्रह कम हुआ है। खासकर इसमें वही अंचल प्रभारी बुलाए गए थे, जिनका राजस्व संग्रह लक्ष्य की तुलना में 10 प्रतिशत से भी कम हुआ है। इसमें जमशेदपुर प्रमंडल से आदित्यपुर, सिंहभूम व चाईबासा अंचल के प्रभारी भी शामिल हुए।
उधर, वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी रिपोर्ट बनाने में जुटे हैं, ताकि मुख्य सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके। मुख्य सचिव राजबाला वर्मा एक-दो दिन में वाणिज्य कर विभाग के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करने वाली हैं, जिसमें राजस्व संग्रह की विस्तृत समीक्षा होनी है। नोटबंदी के बाद से विभाग के राजस्व पर काफी असर पड़ा है। एक ओर नोटबंदी के बाद करीब दो माह तक विभाग के चेकपोस्ट बंद रहने से राजस्व संग्रह पर असर पड़ा, जबकि दूसरी ओर आर्थिक गतिविधियां मंद होने से कई कंपनियों का कामकाज प्रभावित रहा। खनन कार्य लगभग ठप रहने से चाईबासा अंचल का प्रदर्शन कई माह से गिरा है। नोटबंदी के बाद जब चाईबासा स्थिति गीतिलिपि चेकपोस्ट खुला, तो करीब एक माह तक राजस्व संग्रह शून्य रहा।