प्रकाश उत्सव : सजा कीर्तन दरबार
जागरण प्रतिनिधि, जमशेदपुर : सोनारी व बारीडीह गुरुद्वारा में रविवार को गुरु ग्रंथ साहेब का प्रकाश उत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। दोनों गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार का आयोजन कर गुरु ग्रंथ साहेब का गुणगान किया गया। इस दौरान हुए गुरुवाणी कीर्तन से संगत निहाल हुई।
सोनारी गुरुद्वारा में 22 अगस्त से चल रहे पांच लड़ी अखंड पाठ के समापन के बाद शनिवार का सजा कीर्तन दरबार रविवार को भी जारी रहा। भाई रंजीत सिंह रागी जत्था ने गुरुवाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। इस दौरान डेवलेपमेंट कमेटी का चेयरमैन बनाए जाने पर सरदार शैलेंद्र सिंह को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। फिर संगत ने लंगर चखा। कार्यक्रम सोनारी गुरुद्वारा के प्रधान गुरदयाल सिंह व महासचिव रजिंदर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
उधर, बारीडीह गुरुद्वारा में सिख नौजवान सभा व स्त्री सत्संग सभा के तत्वावधान में गुरु ग्रंथ साहेब का प्रकाश उत्सव मनाया गया। सुबह अखंड पाठ के समापन के बाद कीर्तन दरबार सजा। इसके बाद संगत के बीच लंगर भी बंटा। इस दौरान सरदार शैलेन्द्र सिंह, इंदरजीत सिंह, कंवलजीत कौर, सुरिंदर सिंह, सतवंत कौर, दलबीर कौर, अमरजीत सिंह, बलबीर सिंह, जसवंत सिंह भोमा व गुरुचरण सिंह बिल्ला को शाल ओढ़ाकर व सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
-----
बिरसानगर में बनेगा गुरुद्वारा
बिरसानगर दो नंबर में बाबा वडभाग सिंह की याद में गुरुद्वारा का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए रविवार को भूमि पूजन किया गया। इस दौरान बाबा ठाकुर सिंह ने कीर्तन व अरदास कर गुरुग्रंथ साहेब का गुणगान किया। इस दौरान डेवेलपमेंट कमेटी के चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारा के निर्माण में हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर