प्रकाश देहाड़ा जोड : गुरुद्वारों में सजा कीर्तन दरबार
जमशेदपुर : श्री गुरुनानक देवजी के प्रकाश देहाड़ा पर विभिन्न गुरुद्वारों में बुधवार की सुबह अखंड पाठ
जमशेदपुर : श्री गुरुनानक देवजी के प्रकाश देहाड़ा पर विभिन्न गुरुद्वारों में बुधवार की सुबह अखंड पाठ की समाप्ति के बाद कीर्तन दरबार सजा और गुरु का अटूट लंगर बांटा गया। इससे पूर्व साकची गुरुद्वारा में सुबह निशान साहिब का चोला बदला गया, जिसके बाद भाई अजीत सिंह सहित अन्य ने कीर्तन गायन किया। मनप्रीत कौर ने श्री गुरुनानक देवजी की जीवनी पर प्रकाश डाला। शाम को साकची गुरुद्वारा में थाना प्रभारी अंजनी तिवारी सहित राजीव रंजन व एसएस तिवारी को नगर कीर्तन के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए सम्मानित किया गया। सीजीपीसी के प्रधान सरदार इन्द्रजीत सिंह ने नगर कीर्तन शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन, यातायात पुलिस सहित संबंधित थाना प्रभारियों व गुरदेव सिंह राजा का आभार प्रकट किया। इस मौके पर प्रधान कुलवीर सिंह, परमजीत सिंह काले, हरविन्दर सिंह सहित अन्य संगत उपस्थित थे।
इन्होंने लगाये शिविर
डिफोडिल्स स्कूल बिष्टुपुर व नृत्य कला केंद्र ने संयुक्त रूप से कीनन स्टेडियम के समीप शिविर लगाकर नगर कीर्तन में शामिल बच्चों व संगत के बीच बिस्कुट बांटे। शिविर में नीना, मनदीप सिंह, अमृत सिंह, सतपाल सिंह, नीतू, लवली, रिम्पी, हरजीत सिंह, विश्वजीत, नरेन्द्र सिंह, कृष्णा प्रसाद , रिक्की, कुक्कू आदि सक्रिय रहे।
संगत ऑफ जुगसलाई ने शिविर लगाकर नगर कीर्तन में शामिल बच्चों व जत्थों के बीच बिस्कुट, चाय, चना का प्रसाद और पानी का वितरण किया। शिविर में हरदीप सिंह भाटिया, अमरदीप सिंह भाटिया, बलविन्दर सिंह, तरविन्दर सिंह, हरपाल सिंह, रविन्दर सिंह, गुरविन्दर सिंह आदि का योगदान रहा।
सिख युवा दल की ओर से कीनन स्टेडियम के समीप शिविर लगाकर नगर कीर्तन में शामिल संगत के बीच राजमा, पुलाव, चाय, बिस्कुट, सेव एवं पर्क चाकलेट बांटा गया। यहां मंत्री सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, अमरप्रीत सिंह काले, विकास सिंह, दल के अध्यक्ष हरजिन्दर सिंह, निक्के, कुलदीप सिंह, जसपाल सिंह, गुरप्रीत सिंह, सेवा सिंह, राजेन्द्र सिंह, मनमीत सिंह व अन्य ने नगर कीर्तन में शामिल लोगों की सेवा की।