एक डस्टबिन से नहीं बनेगी बात
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो-डिमना रोड पर सब्जी बाजार के पास बीच सड़क पर पसरी यह गंदगी स्वच्छता
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो-डिमना रोड पर सब्जी बाजार के पास बीच सड़क पर पसरी यह गंदगी स्वच्छता अभियान को मुंह चिढ़ा रही है। आलम यह है कि यहां कचरा आधी सड़क तक फैल गया है। आस-पास के दुकानदारों के मुताबिक यहां रखा गया डस्टबिन घंटे भर में ही भर जाता है। इसके बाद लोग डस्टबिन के बाहर ही कचरा सड़क पर फेंक कर चले जाते हैं। शाम तक कचरा पूरी सड़क तक पर फैल जाता है। मानगो अक्षेस एक दिन गैप कर यहां से कचरा उठाता है। तब तक गंदगी बजबजा जाती है और दुर्गध से आस-पास के लोगों का सांस लेना मुश्किल हो जाता है। इतना ही नहीं पूरे बाजार के लोग इसी गंदगी पर पेशाब करते रहते हैं। इससे भी दुर्गध बढ़ जाती है। लोग कहते हैं कि यहां कम से कम तीन डस्टबिन लगाए जाने चाहिए और सुबह-शाम दो बार यहां से कचरा उठाया जाना चाहिए। तब जाकर बात बनेगी। इस एक डस्टबिन में मुंशी मुहल्ला, चावल मंडी, सब्जी मंडी और मानगो बाजार के लोग कचरा फेंकते हैं। इसलिए डस्टबिन जल्दी भर जाता है और कचरा सड़क पर फैल जाता है। लोगों की आदत भी खराब है, लोग एक स्थान पर कचरा नहीं फेंकते। जिसको जहां समझ में आया, कचरा फेंका और चल दिए। परेशानी इससे भी ज्यादा बढ़ जाती है।
-------
लोगों के सुझाव
यहां कई मंडियों का कचरा फेंका जाता है। इसलिए यहां पर कम से कम तीन डस्टबिन लगाए जाने चाहिए और सुबह-शाम दो बार कचरा उठाया जाना चाहिए, तब जाकर बात बनेगी।
-लाला जोशी
-------
एक डस्टबिन तो सुबह दो घंटे में ही भर जाता है। इसलिए यहां डस्टबिन की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। यहां बहुत कचरा निकलता है। इसके हिसाब से डस्टबिन लगे।
-अवतार सिंह परमार
--------
कई-कई दिन कचरा नहीं उठाए जाने के कारण उठने वाली दुर्गध से सांस लेना मुहाल हो जाता है। मानगो अक्षेस यहां ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी नहीं करता।
-बालमुकुंद शर्मा
--------
लोगों को भी अपनी आदत सुधारनी होगी। डस्टबिन अगर भर जाता है तो कचरा एक जगह एकत्रित करना चाहिए, लेकिन लोग जहां तहां कचरा फेंक कर चले जाते हैं।
-राजदीप सिंह