भाजपाइयों ने आप कार्यकर्ताओं को पीटा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो के बिष्टुपुर स्थित आ
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो के बिष्टुपुर स्थित आवास पर सोमवार को अच्छा-खासा हंगामा हो गया। बाद में हंगामा करने वालों की जमकर पिटाई भी हो गई।
घटना सुबह करीब 11 बजे की है। प्रेम कुमार के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आप) के करीब एक दर्जन कार्यकर्ता सांसद आवास पर पहुंचकर नारेबाजी कर रहे थे। ये ललित मोदी प्रकरण में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग करते हुए लगातार नारेबाजी किए जा रहे थे। सांसद आवास पर पहुंचे भाजपाइयों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, सांसद के पड़ोसी भी घर से निकल आए। भाजपाइयों ने कहा कि उनकी जो मांगें हैं, उसका ज्ञापन दें या सांसद से मिलकर कह दें, लेकिन नारेबाजी ना करें। इसके बावजूद कार्यकर्ता जिंदाबाद-मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। तब भाजपाइयों के साथ पड़ोसियों ने भी आप कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी पिटाई कर दी। हालांकि सांसद आवास पर पुलिस के जवान थे, लेकिन हंगामे की खबर के बाद बिष्टुपुर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल आ गया। इस बीच कदमा, सोनारी, साकची आदि क्षेत्र से भी भाजपा कार्यकर्ताओं की जुटान होने लगी, तब तक आप कार्यकर्ता वहां से निकल गए। वे वहां से निकलकर उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरना पर बैठ गए।
-------
'आप कार्यकर्ता असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे थे, इसलिए आसपास के लोगों ने उन्हें भगाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें नहीं पीटा। वैसे भी रिहाइशी क्षेत्र में किसी को नारेबाजी नहीं करनी चाहिए।'
- विद्युत वरण महतो, सांसद