दो साल तक बेटी से दुष्कर्म करता रहा सौतेला पिता
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अंग्रेजी स्कूल की एक छात्रा के साथ टाटा कमिंस में इंजीनियर के पद पर कार्
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अंग्रेजी स्कूल की एक छात्रा के साथ टाटा कमिंस में इंजीनियर के पद पर कार्यरत उसका सौतेला पिता दो साल तक दुष्कर्म व अप्राकृतिक यौनाचार करता रहा। छात्रा जब-जब विरोध करती तो आरोपी उसकी मां की हत्या करने की धमकी देता। इस कारण 13 वर्षीय छात्रा अपने सौतेले पिता का घिनौना कृत्य सहती रही। यह सिलसिला वर्ष 2013 से 27 मई 2015 तक चला।
पीड़िता ने घटना की शिकायत महाराष्ट्र पुलिस से की। घटना स्थल टेल्को क्षेत्र होने के कारण मुंबई पुलिस की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
यह है मामला : पीड़िता व आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पीड़िता के पिता की मौत वर्ष 2002 में हो गई थी, जिसके बाद पीड़िता की मां ने आरोपी से शादी कर ली जो टाटा कमिंस, जमशेदपुर में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। पीड़िता अपने सौतेले पिता व मां के साथ टेल्को कालोनी जीई हॉस्टल के समीप क्वार्टर में रहती थी। 2013 में जब पीड़िता टेल्को आई तो उसका नामांकन सातवीं कक्षा में एक अंग्रेजी स्कूल में हुआ। पीड़िता की मां जब घर से बाहर जाती तो आरोपी पीड़िता के साथ दुष्कर्म करता और उसे अश्लील वीडियो दिखाता। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता को 70-80 गर्भ निरोधक गोलियां भी खिलायीं। 27 मई 2015 को आखिरकार पीड़िता ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इस बारे में पीड़िता की मां ने जब पति से पूछताछ की तो आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। इस पर मां ने मामले की जानकारी अपने ससुर को दी और बेटी को लेकर महाराष्ट्र चली गई। वहां पहुंचकर उसने महाराष्ट्र पुलिस से मामले की शिकायत की। जब आरोपी को मामले की जानकारी हुई तो वह फरार हो गया। उधर, मामला दर्ज करने के बाद से टेल्को पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन वह महाराष्ट्र व जमशेदपुर स्थित आवास से फरार बताया जा रहा है।