उलीडीह में सेना जवान के घर तोड़फोड़
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के शर्मा मैदान निवासी सेना जवान गणेश गोराई के घर ह
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर:
उलीडीह थाना क्षेत्र के शर्मा मैदान निवासी सेना जवान गणेश गोराई के घर हथियारों से लैस होकर पहुंचे सफेदपोश दबंगों ने घर में तोड़फोड़ की। खिड़की और कार का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। घर पर ईट-पत्थर चलाए। विरोध पर सेना के जवान और उसके भाइयों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उत्पात मचाने वाले वाहनों पर सवार होकर निकल गये। सूचना पर पारडीह इंस्पेक्टर सत्येंद्र प्रसाद, उलीडीह थाना प्रभारी सुषमा कुमारी समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। बताते चलें कि शुक्रवार की सुबह ही सेना के जवान ने एसएसपी से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की थी और रात में उसके घर पर हमला कर दिया गया। सेना जवान के मुताबिक उसने 2004 में पत्नी के नाम से जमीन ली थी। वह जमीन पर मकान बना चुके हैं। घर में 100 वर्षीय मां, भगीना, बहन, भाई हराधन, पुत्र-पुत्री और पत्नी रहते हैं। वह बेंगलुरु में पदस्थापित हैं। इधर उनके घर पर अक्सर मनोज सिंह, विनोद सिंह समेत कई लोग आते हैं व गाली-गलौज करते हैं। गोली मारने की बात कहते हैं। घर को खाली करने को कहा जा रहा है। गुरूवार की रात को उसके घर पर वाहनों पर सवार होकर लोग पहुंचे व घर से बाहर ताला लगा दिया। बाद में वे किसी तरह अपने घर में घुसे। शुक्रवार दोपहर भी कई लोग वाहनों पर सवार होकर पहुंचे व गाली-गलौज करते रहे। इधर सच्चिदानंद सिंह उर्फ मनोज सिंह ने भी एसएसपी आफिस पहुंचकर अपना पक्ष रखा। एसडीओ ने जमीन विवाद के मामले में धारा 144 लगाने का आदेश दे रखा है।