सीए छात्रों का राष्ट्रीय सम्मेलन आज से
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शहर में पहली बार सीए (चार्टर्ड एकाउंटेंट्स) छात्रों का राष्ट्रीय सम्मेलन
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शहर में पहली बार सीए (चार्टर्ड एकाउंटेंट्स) छात्रों का राष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है जिसका शुभारंभ शनिवार को सुबह 10 बजे होगा। बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन आडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में करीब 500 छात्र भाग लेंगे, जिनमें करीब 50 छात्र दूसरे शहरों से हैं।
शुक्रवार को साकची स्थित स्टडी सेंटर में हुई प्रेस वार्ता में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) की जमशेदपुर शाखा के चेयरमैन मनीष केडिया ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा दिल्ली स्थित बोर्ड ऑफ स्टडीज-आइसीएआइ द्वारा निर्धारित की गई है। इसमें कोलकाता से शरद नाखट, संजय संघी, सरिता अग्रवाल व अमर अग्रवाल के अलावा दिल्ली से प्रो. गौरव वल्लभ मुख्य वक्ता होंगे। सम्मेलन में शामिल होने के लिए जयपुर, जम्मू, हैदराबाद, चेन्नई, दिल्ली, भिलाई, बेंगलुरू, कोलकाता व अहमदाबाद के अलावा बिहार के नालंदा से छात्र शहर पहुंच गए हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे। प्रेस वार्ता को जमशेदपुर शाखा के सचिव दिनेश चौधरी, कोषाध्यक्ष विवेक चौधरी व पूर्व अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने भी संबोधित किया। आयोजन को सफल बनाने में 'सीकासा' (सेंट्रल इंडिया चार्टर्ड एकाउंटेंट स्टूडेंट्स एसोसिएशन) की जमशेदपुर शाखा के चेयरमैन पवन पेरीवाल, सचिव आयुष शर्मा, उपाध्यक्ष रौनक रामरायका, कोषाध्यक्ष सुमित कुमार व कौशिक चौधरी समेत अन्य सदस्य सक्रिय हैं।