आचार संहिता उल्लंघन में फंसे हसन रिजवी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड में ज्यादा से ज्यादा मुस्लिम विधायक जिताने और मुस्लिम मतदाताओं को
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड में ज्यादा से ज्यादा मुस्लिम विधायक जिताने और मुस्लिम मतदाताओं को सलाह देने वाले पूर्व विधायक हसन रिजवी पर निर्वाचन आयोग का शिकंजा कस गया है। प्रेस कांफ्रेंस के बाद अखबारों में छपा उनका बयान जिला प्रशासन को आदर्श आचार संहिता की कंडिका तीन का उल्लंघन प्रतीत हो रहा है। इस पर उनके खिलाफ नोटिस जारी कर दी गई है।
यह नोटिस जमशेदपुर अक्षेस के विशेष अधिकारी दीपक सहाय ने जारी की है। हसन रिजवी से पांच दिन में अपना पक्ष रखने को कहा गया है। गौरतलब है कि पूर्व विधायक हसन रिजवी ने झारखंड में ज्यादा से ज्यादा मुस्लिम उम्मीदवारों को जिताने के लिए झारखंड मुस्लिम महाज बनाया है। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने पत्रकारों को बताया था कि प्रदेश की 12 विधानसभा सीटों पर अगर मुस्लिम मतदाता मुस्लिम उम्मीदवारों को वोट दें तो उनकी जीत तय है। जबकि 14 विधानसभा सीटों पर मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। जहां मुस्लिम विधायक नहीं वहां उन्होंने जीत रहे उम्मीदवार को वोट देने की अपील की थी।