बैंककर्मियों ने किया प्रदर्शन, 12 को हड़ताल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बैंक कर्मचारी 12 नवंबर को हड़ता
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बैंक कर्मचारी 12 नवंबर को हड़ताल पर रहेंगे। इससे भारतीय स्टेट बैंक से लेकर अन्य बैंकों में कामकाज प्रभावित होगा। इसके अलावा 2 से 5 दिसंबर को बैंककर्मी अंचलीय हड़ताल करेंगे। बैंककर्मियों की मांगों में वेतन पुनरीक्षण का मुद्दा मुख्य तौर पर शामिल है। संगठन की ओर से पे-स्लिप पर 11 प्रतिशत से ज्यादा वेतन में बढ़ोतरी की मांग की गई थी जबकि, आइबीए 11 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी करने की स्थिति में नहीं है। गुरुवार को भारतीय स्टेट बैंक की जमशेदपुर शाखा के सामने बैंककर्मियों ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के पूर्व संयोजक एसके दासगुप्ता ने किया। बैंककर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व सरकार को चार्टर ऑफ डिमांड सौंपा गया था। 13 दौर की वार्ता के बाद भी कोई संतोषजनक नतीजा नहीं निकला। उधर, झारखंड बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन की ओर से भी इसी मुद्दे को लेकर आरए सिंह के नेतृत्व में बैंककर्मियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सुजीत घोष, हीरा अर्कने, एसके अदख, आरबी सहाय के अलावा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। संगठन के सदस्य एमएल सिंह ने बताया कि मांगों को लेकर सरकार ने हमेशा से गलत रवैया अपनाया है।