कर्मचारियों का उपायुक्त कार्यालय पर सांकेतिक धरना
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अनुसचिवीय कर्मचारी संघ ने 28 सूत्रीय मांगें नहीं मानी जाने पर सोमवार से
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अनुसचिवीय कर्मचारी संघ ने 28 सूत्रीय मांगें नहीं मानी जाने पर सोमवार से आंदोलन शुरू कर दिया है। मंगलवार को कर्मचारियों ने अनुमंडल कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक मशाल जुलूस निकाल कर विरोध दर्ज कराया। बुधवार को कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय पर सांकेतिक धरना दिया।
कर्मचारियों की मांग है कि उनका ग्रेड पे, प्रधान सहायकों की संख्या एवं कार्यालय अधीक्षक के पद में इजाफा किया जाए। कर्मचारियों ने पूर्व में भी आंदोलन किया था, जिस पर सरकार ने उनकी मांगों को लेकर एक उच्च स्तरीय समिति बनाई थी। इस समिति ने अपनी रिपोर्ट कार्मिक विभाग को सौंप दी है। झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि यह रिपोर्ट वित्त विभाग में पड़ी हुई है। इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से अपनी मांगों को मनवाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। कर्मचारी मांगें नहीं माने जाने पर नवंबर के आखिरी हफ्ते में हड़ताल पर जाएंगे।