जहां ईसाई भी करते हैं दुर्गा पूजा
वीरेंद्र ओझा, जमशेदपुर : आमतौर पर हिंदू ही दुर्गापूजा करते हैं, लेकिन लौहनगरी में ईसाई समुदाय के
वीरेंद्र ओझा, जमशेदपुर :
आमतौर पर हिंदू ही दुर्गापूजा करते हैं, लेकिन लौहनगरी में ईसाई समुदाय के लोग भी मां दुर्गा की पूजा करते हैं, वह भी पूरे विधि-विधान के साथ। कुंजनगर (सोनारी) स्थित अपराजिता कांप्लेक्स के पांच ईसाई परिवार इसमें शामिल होते हैं। यहां दुर्गापूजा की शुरुआत भी एएम पीटर ने की थी, जो अभी पूजा कमेटी के सचिव हैं। पीटर बताते हैं कि यह कास्मोपोलिटन सिटी है जिसमें सभी धर्म, जाति व संप्रदाय के लोग रहते हैं। दुर्गापूजा में शायद ही कोई शहरवासी होगा जो पूजा पंडाल घूमने न निकलता हो। उनके मन में भी यही ख्याल आया कि हम क्यों न पंडाल घूमने की बजाय खुद आयोजन करें। इससे ना केवल शहर की सड़कों पर भीड़ कम होगी, बल्कि सभी समुदाय के लोग एक-दूसरे के करीब आएंगे। अब यहां के लोग एक दिन पहले ही शहर के प्रमुख पंडालों का दर्शन कर अष्टमी से दशमी तक यहां समय बिताते हैं। अपराजिता वेलफेयर पूजा कमेटी की यह छठवीं दुर्गापूजा है। उनकी पूजा में मुस्लिम समुदाय के लोग भी शरीक होते हैं। पड़ोस के इशाक खान ना केवल नियमित रूप से शामिल होते हैं, बल्कि उनका सक्रिय योगदान भी रहता है। इस पूजा में गुरुवार को महाअष्टमी के दिन सुबह आठ बजे से संधि पूजा शुरू होगी तो बलिदान अनुष्ठान के बाद करीब नौ बजे संधि पूजा का समापन होगा। दशमी की पूजा शुक्रवार को सुबह 9.28 बजे होगी, तो इसके साथ ही अपराजिता पूजा व दर्पण विसर्जन किया जाएगा। कमेटी का विसर्जन जुलूस शनिवार को दोपहर दो बजे निकलेगा।