कृषि अधिकारी अरुण गुप्ता का हार्ट अटैक से निधन
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के जिला कृषि अधिकारी अरुण कुमार गुप्ता का बुधवार की सुबह
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के जिला कृषि अधिकारी अरुण कुमार गुप्ता का बुधवार की सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह पूर्वी सिंहभूम में ढाई साल से तैनात थे। सुबह उनकी तबीयत खराब होने पर उनका ड्राइवर उन्हें लेकर ब्रम्हानंद अस्पताल गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में अरुण कुमार को एमजीएम लाया गया। उनकी मौत की खबर सुन कर कृषि मंत्री बन्ना गुप्ता, डीसी डॉ. अमिताभ कौशल, डीडीसी डॉ. लाल मोहन महतो, एसडीओ धालभूम प्रेम रंजन एमजीएम अस्पताल पहुंच गए। सबको इस बात से हैरत थी कि अरुण कुमार गुप्ता कल तक ठीक-ठाक थे और अचानक उन्हें क्या हो गया। घटना की खबर सुनकर कृषि अरुण की पत्नी और बेटी बोकारो से जमशेदपुर एमजीएम पहुंच गई। दोनों बोकारो में ही रह रही थी। उनका रो-रो कर बुरा हाल था। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक शहर लातेहार ले जाया गया है। अरुण कुमार गुप्ता लातेहार के रहने वाले थे, लेकिन उनका परिवार बोकारो में रहता है। वह दुर्गा पूजा मनाने के लिए बुधवार को बोकारो होकर लातेहार जाने वाले थे।
----------
रात को भी उठा था हल्का दर्द
ड्राइवर ने बताया कि कृषि अधिकारी अरुण कुमार को रात तकरीबन 11 बजे भी दर्द महसूस हुआ था। उन्होंने एक निजी क्लीनिक में अपना इलाज कराया था और इसके बाद सो गए थे। कृषि अधिकारी जमशेदपुर में डिमना में ही हिलव्यू कॉलोनी में अकेले ही रहते थे। अरुण कुमार ने घर जाने के लिए डीसी डॉ. अमिताभ कौशल से छुट्टी ली थी।
--