तिरंगे के अपमान को ले केंद्र सरकार गंभीर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :प्लास्टिक के तिरंगे की बिक्री, उत्पादों पर आपत्तिजनक तरीके से तिरंगे का उ
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :प्लास्टिक के तिरंगे की बिक्री, उत्पादों पर आपत्तिजनक तरीके से तिरंगे का उपयोग जैसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने गंभीरता दिखाई है। झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सख्त हिदायत देते हुए फ्लैग कोड ऑफ इंडिया 2002 और प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट 1971 का सख्ती से अनुपालन करते हुए कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्रालय को भी जरूरी कार्रवाई के लिए भेजी गई है। केंद्र सरकार का यह आदेश उस शिकायत को संज्ञान लेते हुए जारी किया गया है जो जमशेदपुर की गैर सरकारी संस्था 'बाल मजदूर मुक्ति सेवा संस्थान' के मुख्य संयोजक सदन कुमार ठाकुर की ओर से प्रधामंत्री को लिखे गए पत्र में की गई थी। गृह मंत्रालय के सेक्शन ऑफिसर (पब्लिक) सुनील कुमार के हस्ताक्षर से जारी पत्र में झारखंड के चीफ सेक्रेटरी को यह भी हिदायत दी गई है कि मामले पर कार्रवाई करते हुए सीधे शिकायतकर्ता को अवगत कराएं और गृह मंत्रालय को भी कार्रवाई की सूचना दें।
------------------
दैनिक जागरण ने प्रकाशित की थी खबर
दैनिक जागरण के 15 अगस्त के अंक में बाजार में प्लास्टिक के तिरंगे की धड़ल्ले से बिक्री और राष्ट्रध्वज के अपमान संबंधी खबर प्रकाशित की गई थी। बाल मजदूर मुक्ति सेवा संस्थान और केंद्रीय टंकक परिसंघ की ओर से प्रकाशित खबर का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से शिकायत की गई। गुटखा जैसे तंबाकू उत्पाद और तिरंगे वाला रिस्ट बैंड बाजार में बिकने की बात उजागर की गई थी। बाल मजदूर मुक्ति सेवा संस्थान और जिला टंकक परिसंघ ने प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र में उल्लेख किया गया कि प्लास्टिक के तिरंगे पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी बिक्री की जा रही है। वहीं कागज का तिरंगा भी झंडोत्तोलन के बाद सड़क पर इधर-उधर बिखरा मिलता है। परिसंघ के अध्यक्ष केदारनाथ भारतीय ने कागज के तिरंगे पर भी रोक, ध्वज स्तंभ को तिरंगे से रंगने और तिरंगा गुटखा पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी।
---------------------
'रोक के बावजूद प्लास्टिक के तिरंगे की धड़ल्ले से बिक्री होती है। जिला प्रशासन प्लास्टिक के तिरंगे की बिक्री पर रोक लगाने में नाकाम रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हमारी शिकायत पर कार्रवाई की है। प्लास्टिक के तिरंगे की बिक्री व अन्य खाद्य और फैशन उत्पादों में तिरंगे का इस्तेमाल तत्काल प्रभाव से नहीं रोका गया तो राष्ट्रध्वज के अपमान के खिलाफ शीघ्र की न्यायालय में मुकदमा किया जाएगा।'
- सदन ठाकुर, बाल मजदूर मुक्ति सेवा संस्थान