अमेरिकन कंपनी आइबीएम की टीम जमशेदपुर में
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अमेरिका की मशहूर बहुराष्ट्रीय कंपनी आइबीएम (इंटरनेशनल बिजनेस मशीन कारपोरेशन) की कॉरपोरेट सर्विस कार्प के 11 सदस्य जमशेदपुर आए हैं। इन 11 सदस्यों में हंगरी, कोलंबिया, कनाडा, ब्राजील और फ्रांस के रहने वाले आइबीएम के अफसर हैं। यह टीम जिले में एक महीने तक रह कर नेतृत्व क्षमता के टिप्स हासिल करेगी। इन अफसरों को कंपनी ने नेतृत्व क्षमता का विकास करने के लिए भारत भेजा है। यह आइबीएम की यह टीम सीडी एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर रिकी सूरी के साथ गुरुवार को डीसी डा. अमिताभ कौशल से मिले। टीम के सदस्यों ने डीसी से जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम का भ्रमण करने और संस्थाओं के साथ संपर्क करने की इजाजत मांगी। डीसी के साथ इन सदस्यों की तकरीबन 20 मिनट तक बातचीत हुई। इन सदस्यों ने डीसी से जिले के बारे में काफी ज्ञान प्राप्त किया। रिकी सूरी ने बताया कि आइबीएम के सदस्य जिले के एनजीओ के साथ एक महीने तक रह कर उनकी कार्य प्रणाली से अवगत होंगे। वह जमशेदपुर में स्कूल आफ होप जाएंगे। साथ ही वह जिले के पर्यटन स्थलों का भी जायजा लेंगे।