सोनारी पुलिस ने चार को भेजा जेल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर:
सोनारी थाने की पुलिस ने दोमुहानी निर्मल नगर निवासी सोनू रवानी का अपहरण कर हत्या किए जाने के आरोप में चार युवकों मंशा कालिंदी, सोनू मछुवा, सोनू चौहान एवं रिंधी सिंह को बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस को मामले में मुख्य आरोपी महेंद्र निषाद की तलाश है, जिसका सोनू रवानी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान सोनू ने महेंद्र को कहा था कि देख लेंगे। मार डालने की धमकी दी थी। महेंद्र ने इस धमकी को गंभीरता से लिया। सोनू को घर से 19 जुलाई से बुलाकर ले गया। शराब सेवन कराया। इसके बाद अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसे दोमुहानी निर्मलनगर शौचालय की ओर ले गया, जहां गमछा से गला दबाकर सभी ने सोनू की हत्या कर दी। इसके बाद हत्या का साक्ष्य छुपाने को शव को दोमुहानी नदी में डाल दिया। हालांकि, खोजबीन के बावजूद सोनू का शव पुलिस को नहीं मिल पाया। सोनारी थाना प्रभारी अनिमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सोनू की पत्नी संतोषी रवानी ने उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ अपहरण कर हत्या कर दिए जाने की अंदेशा व्यक्त करते हुए 27 जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था।