स्क्रीन पर प्रत्याशी देखेंगे वज्रगृह का मंजर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : स्क्रीन पर अब प्रत्याशी भी ईवीएम वज्रगृह के आसपास की गतिविधि देख सकेंगे। वज्रगृह पर लगातार सीसीटीवी कैमरे की नजर है और कंट्रोल रूम के अलावा एक स्क्रीन को-ऑपरेटिव कॉलेज के कैंपस में लाइब्रेरी के बाहर लगा दी गई है। यहां कोई भी प्रत्याशी स्क्रीन पर वज्रगृह का मंजर देख सकते है।
वज्र गृह की सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। 40 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे वज्रगृह की निगहबानी कर रहे हैं। इसके अलावा 54 मजिस्ट्रेट की तैनाती जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अमिताभ कौशल ने की है। एक वक्त पर छह मजिस्ट्रेट वज्रगृह पर निगाह रखेंगे। वज्रगृह के अंदर सीआरपीएफ को लगाया गया है। जबकि बाहर से जिला पुलिस और झारखंड आर्म्ड पुलिस के जवान पहरा दे रहे हैं। मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी हर आठ घंटे पर तब्दील होगी। मजिस्ट्रेट तीन शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। शिफ्ट की शुरुआत सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक होगी। इसके बाद दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक और तीसरी शिफ्ट रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक होगी। डीसी डा. अमिताभ कौशल ने शनिवार को को-ऑपरेटिव कॉलेज जाकर ईवीएम वज्रगृह का जायजा लिया। वहां की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा ईवीएम कोषांग के नोडल अफसर डा. लाल मोहन महतो भी बराबर वज्र गृह पर नजर रखे हुए हैं।