महासमर: बढ़े वोट प्रतिशत से भाजपाई उत्साहित
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में वोटों का प्रतिशत बढ़ने से भाजपा के खेमे में जश्न है। जमशेदपुर संसदीय सीट के इतिहास में पहली बार 65 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। भाजपा इसे अपने पक्ष में मान रही है। जमशेदपुर के लिए वर्ष 96 में हुए चुनाव में 59.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। तब भाजपा प्रत्याशी नीतिश भारद्वाज ने जनता दल के प्रत्याशी इंदर सिंह नामधारी को शिकस्त दी थी। नीतीश भारद्वाज को 33.4 व नामधारी को 24.7 प्रतिशत मिले थे। 1998 के चुनाव में सबसे अधिक 62.4 प्रतिशत वोट पड़े। इस चुनाव में भाजपा की आभा महतो के सिर ताज सजा था। आभा महतो को 41.5 व निर्दलीय चुनाव लड़ रहे टाटा स्टील के पूर्व प्रबंध निदेशक रूसी मोदी को 27.51 प्रतिशत मत मिले थे। 1999 में 54.7 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस चुनाव में आभा महतो दोबारा सांसद चुनी गई थीं। आभा महतो को 45.4 और कांग्रेस के घनश्याम महतो को 26.2 प्रतिशत मत मिले थे। 2009 के चुनाव को अपवाद स्वरूप कहा जा सकता है कि 51 प्रतिशत मतदान में ही भाजपा के अर्जुन मुंडा ने बाजी मार ली थी। मुंडा को 45.3 प्रतिशत मत मिले थे।