महासमर: साकची इलाके में दोपहर बाद छंटी भीड़
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : साकची, काशीडीह, भुइयांडीह व बर्मामाइंस क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सुबह से लगी लंबी कतार दोपहर बाद खत्म हो गई। हालांकि इसके बावजूद मतदान बिल्कुल ठप नहीं पड़ा। मतदाता आते रहे और अपना वोट देकर जाते रहे। अपराह्न तीन बजे के बाद फिर कहीं-कहीं भीड़ जमा होती दिखी। मतदाताओं के लिए शाम चार बजे तक मतदान केंद्रों पर प्रवेश की अनुमति थी। कई मतदान केंद्रों पर चार बजे के बाद भी कई मतदाता पहुंचे। उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। निराश हो लौट रहे, ऐसे मतदाताओं का कहना था कि उनके मन में था कि शाम पांच बजे तक वे मतदान केंद्र जा सकते हैं। मतदान केंद्रों के बाहर टेबल लगाए बैठे विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ता तीन बजे के बाद बैठे चुनावी विश्लेषण करते रहे।
---
कदमा के बूथों पर खूब गिरे वोट
जमशेदपुर: कदमा के विभिन्न मतदाता केंद्रों पर मतदान को लेकर पूरे दिन जबरदस्त उत्साह रहा। कदमा में डीबीएमएस गर्ल्स स्कूल में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी निरुप मोहंती और उनकी पत्नी ने वोट डाला। कदमा के टाटा वर्कर्स यूनियन स्कूल में शाम तीन बजे तक करीब 60 फीसद से अधिक मतदान होने का अनुमान लगाया गया। डीबीएमएस हाईस्कूल में बने चार बूथ पर शाम तीन बजे तक 50 से 60 फीसद तक वोटिंग हुई। कुछ केंद्रों पर लगी कतार इतनी लंबी रही कि शाम चार बजे के बाद भी कुछ देर तक मतदान हुआ। सुरक्षा को लेकर स्थिति संतोषजनक रही। मतदान करने पहुंचे कुछ लोगों ने अपना नाम वोटर लिस्ट से गायब होने की शिकायत की।
::::::::::::
वोटर उमड़े, पुलिस हुई परेशान
जमशेदपुर: शहर के सोनारी क्षेत्र में भी लोगों ने बढ़चढ़ कर मतदान किया। चित्रगुप्त भवन में शाम तीन बजे तक 1312 वोटरों में से 706 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। दयानंद आर्य वैदिक कन्या उच्च विद्यालय में तो अजीबोगरीब स्थिति रही। इस केंद्र के अंदर बने एक बूथ पर इतने वोटर कतार में लगे थे कि भीड़ रोकने के लिए सुरक्षा में लगे पुलिस के जवानों ने शाम चार बजे से करीब 10 मिनट पहले ही मतदान केंद्र में प्रवेश का मुख्य द्वार बंद कर दिया। केंद्र के बाहर लोगों का आने का सिलसिला जारी था। कई लोग गेट बंद हुआ देखकर ही लौट गए। मीडिया कर्मियों की ओर से समय का ध्यान दिलाने के बावजूद गेट नहीं खोला गया।