झामुमो ने निश्चित जीत को बनाया अनिश्चित: कांग्रेस
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय सीट से यूपीए के प्रत्याशी निरुप मोहंती की निश्चित जीत को झारखंड मुक्ति मोर्चा के दूसरी पंक्ति के नेताओं ने अनिश्चितता की ओर धकेल दिया। मुख्यमंत्री ने तो गठबंधन के सभी दलों को साथ लेकर चलने की कोशिश की लेकिन यहां नेताओं ने उनकी कोशिश को परवान नहीं चढ़ने दी। इसका जनता के बीच बहुत गलत संदेश गया और कांग्रेस के मतदाता बिखर गए।
यह आरोप आरोप कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवींद्र झा उर्फ नट्टू झा ने झामुमो के नेताओं पर लगाया। उन्होंने कहा कि यूपीए की एका तार-तार हो गई है। यूपीए ने कांग्रेस-झामुमो-राजद के संयुक्त प्रत्याशी के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा से निरुप मोहंती को उतारा। झामुमो ने एड़ी-चोटी का जोर लगाया, लेकिन कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को न विश्वास में लिया गया और न ही उन्हें कोई जिम्मेदारी दी गई। पूरे चुनाव भर कांग्रेस नेताओं से कोई सलाह-मशविरा भी नहीं की गई। ऐसे में कांग्रेस के नेताओं ने अपने को उपेक्षित महसूस किया। रवींद्र ने कहा कि ऐसे गठबंधन से कांग्रेस बहुत कमजोर होगी और उसका पारंपरिक वोट भी बिखर जाएगा। कार्यकर्ताओं के मायूस होने के कारण पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।