सत्ता परिवर्तन से भ्रष्टाचार का खात्मा नहीं : पाटिल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : देश से भ्रष्टाचार का खात्मा सत्ता परिवर्तन से नहीं होगा। समाज को सत्ता के पीछे नहीं बल्कि सत्ता को समाज के पीछे दौड़ना चाहिए। यह बातें राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन के राष्ट्रीय संयोजक बासव राज पाटिल ने कहीं।
वह मंगलवार को आंदोलन की जिला इकाई की बैठक को सर्किट हाउस में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का मतलब सत्ता परिवर्तन नहीं होता। जब तक सत्ता देशपरस्त व गरीबपरस्त हाथों में नहीं जाती तब तक देश का भला नहीं होगा। सरकार का मतलब पारदर्शी शासन होता है। उन्होंने कहा कि ईवीएम में नन ऑफ द एबव बटन का इस्तेमाल की अनुमति आंदोलन की कामयाबी है।
जिला संयोजक डीडी त्रिपाठी ने कहा कि अभी आंदोलन का मुख्य बिंदु यह है कि बजट का सात फीसद हिस्सा सीधे ग्राम पंचायतों को दिया जाए। चुनाव खर्चो में पारदर्शिता लाने, 10 लाख लोगों पर 50 जजों को तैनात करने तथा सरकारी स्तर पर स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी आंदोलन का जोर है। बैठक में लक्ष्मी सिंह, मुकुल मिश्र, गजाधर विद्रोही, अजीम खान, इम्तियाज खान, दीपक पारीक, शैलेश पाठक, संजय पाठक, जयप्रकाश तिवारी आदि उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर