पीसीआर वैन ने दो को कुचला, एक की मौत
ग्रामीणों का आरोप है कि पीसीआर वैन का चालक नशे में था। इस वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
हजारीबाग, जेएनएन। कटकमदाग थाना क्षेत्र के पसई में पुलिस की पीसीआर वैन ने दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में युवक 35 वर्षीय सुख राम की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल है। घटना शुक्रवार रात 12:00 बजे की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीसीआर वैन का चालक नशे में था। इस वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों युवकों को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पत्थर से कूचकर दो युवकों की हत्या
पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के पारलीपोस में दो युवकों की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई है। दोनों युवक गोइलकेरा बाजार क्षेत्र के रहने वाले हैं। एक 20 वर्षीय किशन गुप्ता तथा दूसरा 24 वर्षीय सैफ अहमद है। दोनों दोस्त बताए जाते हैं। घटना 1 मार्च की आधी रात की है। दोनों का शव श्री शंकराचार्य प्राथमिक विद्यालय के पीछे मैदान में एक शेड के नीचे पड़ा मिला।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, मृतकों के घर कोहराम मचा है।
कुख्यात रतन लोहार की नृशंस हत्या
शहर से सटे आदित्यपुर में भीड़ ने कुख्यात रतन लोहार (45) की नृशंस हत्या कर दी। अपराधी प्रवृत्ति वाले रतन का बस्तीवासी विरोध कर रहे थे। वह जब भी जेल से छूट कर आता, बस्ती के लोग भगा देते थे। शुक्रवार को भी वह दोपहर करीब तीन बजे राममड़ैया बस्ती आया, तो उसे देखते ही बस्ती में कोहराम मच गया। बस्ती के लोग लाठी, भाला आदि लेकर खदेडऩे लगे। वह करीब आधा किलोमीटर दूर भागते हुए एक फ्लैट की छत पर छिप गया। बस्ती के लोगों ने वहीं उसे मार डाला। बस्ती के लोग उसके दुष्कर्मी की छवि होने से भी उससे नफरत करते थे। वह बस्ती की बहू-बेटी के साथ हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करता था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। पुलिस के आला अधिकारी आदित्यपुर में कैंप किए हुए हैं।