गैंगवार में अपराधी दशरथ महतो की गोली मारकर हत्या
बड़कागांव (हजारीबाग) : कोल क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के बीच गैंगवार में एक आपराधिक गिरोह से
बड़कागांव (हजारीबाग) : कोल क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के बीच गैंगवार में एक आपराधिक गिरोह से संबंध रखनेवाले दशरथ महतो (40) की एक अन्य अपराधी ने गोली मारकर हत्या कर दी। दशरथ का शव प्रसिद्ध महुदी पहाड़ के रानी तालाब के समीप मिला है। पुलिस के अनुसार झारखंड टाइगर गिरोह के प्रदीप महतो ने उसे गोली मारी है। दशरथ के एक सहयोगी बड़कागांव नटराज नगर निवासी विकास महतो को भी गोली लगी है। विकास की स्थिति गंभीर बताई जा रहा है। दशरथ व विकास को एक दर्जन से अधिक गोली मारी गई है।
पुलिस ने मौके से एक बोलेरो (जेएच 13सी - 2084) तथा एक मोटरसाइकिल (जेएच 01 बीएन - 1727) बरामद की है। बोलेरो दशरथ का है वहीं मोटरसाइकिल गोली मारने वाले अपराधी की है। घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की है। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल विकास को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है।
बताया जाता है कि दशरथ एक माह पूर्व ही आपराधिक मामले में जेल से बाहर आया था। उस पर विभिन्न थानों में डकैती, हत्या और रंगदारी का मामला दर्ज है। बताया जाता है कि बुधवार को दोपहर करीब दो बजे दशरथ अपने दो सहयोगी विकास और एक अन्य के साथ प्रदीप से मिलने महुदी पहाड़ पहुंचा था। वहां प्रदीप भी अपने तीन साथियों के साथ आया था। दोनों ने साथ मिलकर बिस्किट भी खाई। इसके बाद एक घंटे तक किसी बात को लेकर चर्चा हुई और फिर किसी बात पर विवाद बढ़ गया। प्रदीप ने इस दौरान पिस्तौल निकाली और दशरथ के सीने पर कई गोलियां दाग दीं। साथ में आए विकास को भी गोल मारी। किसी तरह तीसरे साथी ने भागकर अपनी जान बचाई और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पर एसडीपीओ कृष्ण कुमार महतो, थाना प्रभारी अकील अहमद दर्जनों पुलिस जवान के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।