निगम व वन विभाग के अधिकारी रांची तलब
हजारीबाग : विधानसभा की प्राक्कलन समिति बुधवार को हजारीबाग पहुंची। स्थानीय परिसदन में समिति के सभापति
हजारीबाग : विधानसभा की प्राक्कलन समिति बुधवार को हजारीबाग पहुंची। स्थानीय परिसदन में समिति के सभापति सह गिरिडीह विधायक निर्भय शाहाबादी की अध्यक्षता में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप जिले के सभी विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। इसमें बतौर सदस्य सदर विधायक मनीष जायसवाल भी शामिल हुए। बैठक में दोनों विधायकों ने एक-एक कर सभी विभागों के प्रतिवेदन के आधार पर समीक्षा की गई।
समिति के सभापति निर्भय शाहाबादी ने समीक्षा के क्रम में पाया कि पूर्व सूचना मिलने के बावजूद कई विभाग के अधिकारी बगैर प्रतिवेदन के बैठक में भाग लेने पहुंच गए। इस क्रम में वन विभाग और नगर निगम के अधिकारी से संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर समिति ने 6 जुलाई को विधानसभा में समिति की समीक्षात्मक बैठक में संपूर्ण जानकारी सहित प्रतिवेदन के साथ रांची तलब किया।
समिति के सभापति ने कहा कि वन विभाग के योजनाओं में त्रुटि है। इसका गुरूवार को भौतिक स्थल निरीक्षण किया जाएगा। वहीं सरकार द्वारा राशि उपलब्ध कराये जाने के बावजूद नगर निगम द्वारा योजनाओं पर ससमय खर्च नहीं किया जाना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा की सरकारी योजनाओं को गंभीरता से नहीं लेनेवाले अधिकारी किसी भी हाल में नहीं बचेंगे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के प्रतिवेदन की सराहना हुई। इसी प्रकार अन्य विभागों को भी कई दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में हजारीबाग एसी सहित विस के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में वन विभाग, शिक्षा विभाग, कल्याण विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, भूमि संरक्षण सर्वे विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, विशेष प्रमंडल विभाग, पथ प्रमंडल विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, नगर निगम आदि विभागों की समीक्षा की गई।