मोजे में गांजा छिपाकर ले जा रहा सिपाही गिरफ्तार
सिपाही के पास गांजा पकड़े जाने की सूचना मिलते ही जेल में हड़कंप मच गया।
हजारीबाग, जेएनएन। मोजे में गांजा छिपाकर ले जा रहे एक जेल के सिपाही को जेपी कारा ने पकड़ कर सदर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी सिपाही बजरंग गंझू है। उसकी ड्यूटी जेल में थी। जेल प्रशासन ने सदर थाने को प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया है।
ज्ञात हो कि जेल में जाने वाले सिपाहियों की जांच की जाती है। सख्ती से जांच के कारण है कि मोजे में करीब 13 पुडि़या बांधकर ले जा रहे गांजा को पकड़ा गया। सिपाही के पास गांजा पकड़े जाने की सूचना मिलते ही जेल में हड़कंप मच गया। जेल अधीक्षक ने घटना के बाद से जांच में और सख्ती बरतने का निर्देश दिया है। सिपाही द्वारा गांजा जेल के अंदर ले जाने की यह पहली घटना सामने आई है।
इससे पूर्व टिफिन में गांजा छिपाकर जेल भेजने की घटना बंदियों के परिजनों द्वारा करने की बात सामने आ चुकी है। बताया जाता है कि वह किसी बंदी के लिए गांजा लेकर जा रहा था। इसके एवज में उसे एक निश्चित राशि मिलनी थी। प्रशासन इस पूरे मामले की जांच करने की बात कर रहा है।