झारखंड में डायन बता महिला को पिलाया मैला
घटना गुरुवार की है। इस मामले में महिला थाने में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मैला पिलाने का आरोप 44 वर्षीय महिला ने लगाया है।
जागरण संवाददाता, हजारीबाग । झारखंड में विष्णुगढ़ प्रखंड के एक गांव में डायन-बिसाही के मामले में महिला को मैला पिलाने तथा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना गुरुवार की है। इस मामले में महिला थाने में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मैला पिलाने का आरोप 44 वर्षीय महिला ने लगाया है।
आवेदन में दिए बयान में उसने कहा है कि गांव के ही रामेश्वर साव, राजू साव, बुधन साव, भुवनेश्वर साव, द्वारिका साव और कुछ अन्य लोग घर आकर उस पर डायन होने का आरोप लगाकर गाली गलौज करने लगे। इसके बाद घर से बाहर निकाल उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने का प्रयास किया। लेकिन जब इसमें कामयाब नहीं हुए तो जबरदस्ती मैला पिला दिया। उसकी पिटाई भी की गई। किसी तरह आसपास के लोगों ने उसकी जान बचाई। इसके बाद वह पुलिस के पास आई। गांव में ही डायन बिसाही की एक और घटना घटी। यहां एक 45 वर्षीय महिला ने गांव की ही तुलिया देवी, नुनूचंद महतो, गंगिया देवी, महेंद्र महतो, मुनवा देवी व मंगरी देवी पर आरोप लगाया कि वे उसे डायन कह प्रताडि़त करते हैं। इस संबंध में थाने में आवेदन दिया गया है।