पांच साल से गायब है मुकबधिर विवाहिता, परिजन लगा रहे चक्कर
हजारीबाग/इचाक : दुष्कर्म के बाद सामाजिक व पुलिसिया दबाव में दुष्कर्म के आरोपी के साथ शादी रचाने वाली
हजारीबाग/इचाक : दुष्कर्म के बाद सामाजिक व पुलिसिया दबाव में दुष्कर्म के आरोपी के साथ शादी रचाने वाली मुकबधिर मधु अपने ससुराल से पिछले पांच सालों से गायब है। अब तक उसका अता-पता नहीं चला है वहीं ससुराल वाले बेफिक्र हैं जबकि मायके वाले पुलिस और कोर्ट का चक्कर लगा-लगा के थक चुके हैं। मंगलवार को भी मधु के परिजन इचाक थाना पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अंतिम बार वह अपने मायके से पति बंसत के साथ ससुराल के लिए 2009 दिसंबर में निकली थी। उसके बाद से उसका आज तक कोई अता-पता नही है। इस दिशा में कोर्ट के आदेश के बाद ससुराल वालों पर प्राथमिकी दर्ज करनी वाली इचाक पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि विवाहिता को गायब करने के आरोपी सास, ससुर व उसका पति बंसत खुलेआम घूम रहे हैं और मधु के परिजनों को धमकी भी देते हैं। वहीं खूटरा निवासी कौशल्या देवी हर सप्ताह कोर्ट और थाने का चक्कर लगा अपनी बेटी की तलाश की गुहार लगा रही है।
क्या है मामला
मामला आठ मई 2006 का है। मधु यज्ञ से प्रवचन सुनकर लौट रही थी। इसी क्रम में गांव के तालाब के पास जबरन बसंत ने मुंह काला किया था। उसके साथी सुरेश प्रसाद ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी। इसके बाद पंचायत हुई। भरी पंचायत में उसने मधु को अपनी पत्नी मानते हुए सिंदूर दिया था। पंचायत को जुर्माना भी दिया था। यह सब पुलिस की मौजूदगी में थाना परिसर में हुआ था।
बाद में रचाई दूसरी शादी
खुटरा निवासी ज्ञानी महतो के पुत्र बंसत महतो ने दुष्कर्म की घटना के बाद मुकबधिर से शादी तो कर ली लेकिन कुछ दिनों बाद दूसरी शादी रचा पहली पत्नी मधु को छोड़ दिया। बाद में सामाजिक दबाव बनाए जाने पर वह पहली पत्नी को घर ले आया।