सुशील श्रीवास्तव हत्याकांड में एक और धराया
हजारीबाग : गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव हत्याकांड मामले में पुलिस गिरफ्त में आए दिलीप साव से कई अहम जान
हजारीबाग : गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव हत्याकांड मामले में पुलिस गिरफ्त में आए दिलीप साव से कई अहम जानकारियां पुलिस को मिली हैं। दिलीप को शनिवार की रात कूद रेवाली स्थित उसके ननिहाल से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सूत्र बताते हैं कि हत्याकांड की रेकी से लेकर टीम को सकुशल शहर से निकालने के काम में दिलीप की अहम भूमिका थी। तीन दिन पहले से हीं उसने हजारीबाग में डेरा डाल रखा था। घटना को अंजाम देने के बाद वह कटकमदाग प्रखंड के कूद रेवाली गांव में ननिहाल चला गया था। शहर की स्थिति भांपने के बाद देर रात आराम से वह अन्यत्र चला गया। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह लोहरदगा, गया तथा पटना में भी शरण लिया। कुछ दिन पहले हजारीबाग में चल रही पुलिस की गतिविधि और वस्तुस्थिति से अवगत होने के लिए फिर ननिहाल आ गया। पुलिस ने यहीं से उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी फोन लोकेशन के आधार पर हुई। लगातार पुलिस उसपर नजर रख रहीं थी। दिलीप साव का अपराधिक रिकार्ड रहा है। इससे पूर्व उस पर पतरातू थाना में दुष्कर्म, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित तीन, बड़काकाना थाना में रंगदारी व मारपीट तथा जालसाजी के दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा छह माह पहले बड़कागांव में सुशील श्रीवास्तव गिरोह के लखन साव पर हुई जानलेवा हमले में भी वह शामिल था। प्राथमिकी में उसे भी आरोपी बनाया गया है। घटना के पहले व घटना के बाद वह लगातार विकास तिवारी के संपर्क में था। घटना के बाद अपाची मोटरसाइकिल से हीं वही शूटर को लेकर भागा था। सदर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।