भाजपा की नाराजगी लोगों पर न निकालें सीएम : गहलोत
-हजारीबाग में
बूथस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले केंद्रीय मंत्री
- कहा, ये कैसे सीएम हैं जो हथियार उठाने की बात करते हैं
- लव जेहाद और धर्मातरण के खिलाफ आगे आएं कार्यकर्ता
-बूथ जीते तो विधानसभा जीतेंगे: सुदर्शन भगत
जासं, हजारीबाग : सदर विधानसभा के बूथस्तरीय भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत ने राज्य सरकार पर जमकर प्रहार किया। मुख्यमंत्री को निशाने पर लेते हुए उन्होंने हेमंत सरकार को गरीब विरोधी बताया। कहा, सीएम साहब भाजपा से नाराजगी हो तो इसे झारखंड के लोगों पर न निकालें। जनता ने आपका क्या बिगाड़ा है, गरीबों, पिछड़ो, निशक्तों, व दलितों तथा महिलाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार आपको पैसा देने के लिए बैठी है और आप लेना ही नहीं चाहते।
हथियार उठाने की बात चुटकी लेते हुए कहा कि ये कैसे सीएम हैं जो, हथियार उठाने की बात करते हैं। शक्ति तो आपके पास है, तो फिर आपको काम करने से कौन रोक रहा है। ऐसे सीएम से राज्य की बेहतरी की उम्मीद बेमानी है।
वहीं कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि तीन चौथाई सीटें भाजपा के हिस्से में आने वाली है। गहलोत ने लव जेहाद व धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं को आगे आने और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ने को कहा।
केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने लोकसभा का प्रदर्शन विधानसभा में दुहराने की बात कही। कहा कि बूथ जीतेंगे तो विधानसभा भी जीत जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डा. रविंद्र राय ने कहा कि राज्य की जनता 81 सीटों पर कमल खिलाना चाहती है। अब राज्य में कोई गठबंधन नहीं होगा। पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा ने लोकसभा की तर्ज पर विधानसभा को भी अपने नाम करने की बात कही। मंच संचालन अनिल मिश्रा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिन्हा ने किया।