मनभेद और मतभेद भूल कर चुनावी तैयारी में जुटें
जासं, हजारीबाग : कांग्रेस के पर्यवेक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने मंगलवार को कार्यकर्ताओ से आपसी मतभेद और मनभेद भूलाकर विधान सभा चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। उन्होंने सभी से हर स्तर पर कमर कसने को कहा ताकि सरकार बनाने की आंकड़ा पूरी हो सके। वह स्थानीय जिला कार्यालय में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे।
विशिष्ट अतिथि ब्रजेश कुमार मुनअम ने कहा कि हजारीबाग में कांग्रेस का हौसला बुलंद है तथा मनोज यादव के नेतृत्व में सभी कांग्रेस जनों को चुनाव के लिए तराशा जाएगा। मुख्य अतिथि सह प्रभारी तारा चंद भगोड़ा ने कहा कि जब तक कार्यकर्ताओं में व्याप्त असंतोष नहीं मिटाया जायेगा तब तक जन समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता इसलिए सभी कांग्रेसी एक जुट होकर दल को मजबूत बनाये। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय यादव ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक गुलदस्ते की तरह है जिसमें सभी धर्म जाति और समुदाय के लोगों को सम्मान मिलता है।
मौके पर जवाहर लाल सिन्हा, उपेंद्र राय, मनोज गुप्ता, रामसेवक सोनी, संजय तिवारी, उपेंद्र राय, सत्येंद्र नारायण सिंह, राजू चौरसिया, साजिद हुसैन, डॉ. मुंद्रीका तिवारी, इंटक अध्यक्ष विनोद सिंह, डॉ. जमाल अहमद समेत कई लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस वक्ता दिनेश सिंह राठौर ने की।