नवनिर्मीत पंचायत भवन बना गौशाला
गेंदो वर्मा, केरेडारी : प्रखंड के सबसे बड़े पंचायत पेटो के लोगों का वषरें का सपना था की हमारे गांव में कभी पंचायत भवन बनेगा और हमलोगों का कार्य पंचायत मुख्यालय में ही सपंन्न हो सकेगा। लेकिन पंचायतवासियों का यह सपना अब पुरी तरह धूमिल होता दिख रही है। पेटो में बन रहा नवनिर्मीत पंचायत भवन वर्तमान में गौशाला बन चुका है। जी हा उक्त भवन में जानवरों का डेरा रहता है। पंचायत की मुखिया रेश्मा प्रवीण ने इस मसले को कई बार उठाने का प्रयास किया, लेकिन वे सारे प्रयास कागजों में हीं सिमटकर रहे गये। एक बार फिर मुखिया रेश्मा प्रवीण ने इस मामले को उठाने का मन बनाया है। वर्तमान में पुराने एक जर्जर भवन में पंचायत सचिवालय संचालित है। इस बार मुखिया प्रवीण ने कहा है की प्रखंड से जिला और जरूरत पडी तो संबंधित विभागों के आला अधिकारियों से बात कंरूगी। इससे पहले भी बीडीओ रितेश जायसवाल को सारे मामले से अवगत कराई थी, लेकिन कार्य में प्रगति नहीं हुआ।
मुखिया रेश्मा प्रवीण ने यह भी जानकारी दी की उक्त पंचायत भवन का प्राक्कलित राशि बीआरजीएफ के 10 लाख और मनरेगा के 11 लाख कुल 21 लाख की है। इसमें तकरीबन 19 लाख रूपये की निकासी हो चुकी है और अभी भी प्लास्टर, खिडकी, दरवाजे, रंग रोगन का काम बाकी है। वहीं दीवारों में दरारें पड़ चुकी है। उक्त कार्य कनीय अभियंता संजय सिंह के द्वारा कराया जा रहा है। जेई श्री सिंह के नाम से वर्ष 2010 में हीं एकरारनामा किया गया था। भवन निर्माण का कार्य वर्ष 2011 में प्रारंभ किया गया था। जिसकी अवधि मात्र तीन महीने की थी। लेकिन तीन महीने तो दूर साढे तीन वर्ष होने चला है और वर्तमान में जानवरों का बसेरा बना हुआ है।
क्या कहतें हैं बीडीओ
इस संबंध में बीडीओ राजेश कुमार साहु ने कहा की पेटो पंचायत भवन के निर्माण कार्य को मैं गंभीरता से लूंगा और प्रयास कंरूगा की निर्माण कार्य जल्द पूरा हो। वहीं संबंधित जेई को कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किया गया है।