पारा शिक्षक अपहरण मामले में दो गिरफ्तार, जेल
गुमला: बीते 16 नवंबर को पालकोट के चिरोडीह मध्य विद्यालय के शिक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक भोला प्
गुमला: बीते 16 नवंबर को पालकोट के चिरोडीह मध्य विद्यालय के शिक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक भोला प्रधान की फिरौती के लिए अपहरण किए जाने की घटना में शामिल तीन में से दो अपराधियों को पुलिस ने बीते शुक्रवार की रात पालकोट से गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस कांड में शामिल तीसरा अपराधी घुरन उरांव पुलिस के गिरफ्त से बाहर है। शनिवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए एसपी चंदन झा ने बताया कि शिक्षक की पत्नी द्वारा इसकी जानकारी देते हुए अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसके उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक सरोज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बसिया वचनदेव कुजूर व थाना प्रभारी नित्यानंद महतो का एक टीम बना था। छापामारी के दौरान 17 नवंबर को पारा शिक्षक को चिरोडीह से मुक्त कराया गया था। इसके उपरांत पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा था। बीते शुक्रवार को छापामारी के दौरान रायडीह प्रखंड के जमगई निवासी बहादुर लोहरा व पालकोट के अलंकेरा झागर निवासी गाब्ररियल कुजूर को गिरफ्तार किया। दोनों अपराधी के पास से कांड में प्रयुक्त मोबाइल एवं पारा शिक्षिका से छीनी गई मोबाइल व सिम भी बरामद की गई। एसपी ने बताया कि पूर्व में दोनों पीएलएफआइ के लिए कार्य करते थे। गाब्ररियल ढ़ाई वर्ष तक जेल में रह चुका है। घुरन उरांव भी पूर्व में जेल जा चुका है। दोनों का आपराधिक इतिहास है। बताया कि तीसरा अपराधी घुरन उरांव जल्द ही पुलिस के गिरफ्त में होगा। पुलिस छापामारी अभियान चला रही है।