शुरु होगा कुरुमगढ़ व सुरसांग थाना
गुमला : जिले के उग्रवाद प्रभावित चैनपुर प्रखंड के कुरुमगढ़ व रायडीह प्रखंड के सुरसांग में स्वीकृत था
गुमला : जिले के उग्रवाद प्रभावित चैनपुर प्रखंड के कुरुमगढ़ व रायडीह प्रखंड के सुरसांग में स्वीकृत थाना 12 अक्टूबर से काम करना शुरू कर देगा। एसपी भीमसेन टूटी ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर फिलहाल कुरुमगढ़ थाना का संचालन चैनपुर थाना परिसर के दूसरे भवन व सुरसांग थाना का संचालन रायडीह थाना परिसर में बने दूसरे भवन में होगा। दोनों थानों के संचालन के लिए थाना प्रभारी पदस्थापित किए जाएंगे।
एसपी ने बताया कि दोनों थाना भवन के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है। लेकिन भवन का निर्माण शुरू नहीं होने एवं स्वीकृत बल की अनुपलब्धता के कारण फिलहाल दोंनो थाना अपने प्रखंड में पूर्व से संचालित थाना परिसर में ही संचालित होंगे। उन्होंने बताया कि कुरुमगढ़ थाना के अंतर्गत कुरुमगढ़, बामदा व बरडीह तथा सुरसांग थाना के अंतर्गत सुरसांग, कोब्जा, जरजट्टा व कोण्ड्रा पंचायत शामिल किए गए हैं। इन पंचायतों से संबंधित मामले संबंधित थानों में पंजीकृत होंगे। इसके अलावे एसपी ने कहा कि गुमला में अपराध पर नियंत्रण के लिए शुरू की गई बीट पुलि¨सग का काफी अच्छा असर दिखाई पड़ रहा है। शहरी क्षेत्र में वाहन चोरी की घटना लगभग समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस छोटी-छोटी मामलों पर भी संज्ञान ले रही है एवं मामला पंजीकृत कर अनुसंधान कर रही है। कहा कि अगस्त की तुलना में सितंबर में सभी श्रेणी के अपराध के ग्राफ में गिरावट दर्ज की गई है।