नाबालिग लड़की ने शादी के लिए रची अपहरण की साजिश
गुमला : गुमला के पतगच्छा गांव नाबालिग लड़की ने गांव के ही सुमन महतो के साथ शादी के लिए खुद के अपहरण क
गुमला : गुमला के पतगच्छा गांव नाबालिग लड़की ने गांव के ही सुमन महतो के साथ शादी के लिए खुद के अपहरण की साजिश रच डाली। हालांकि पुलिस के दबाव व आरोपी सुमन महतो के प्रयास से लड़की गुरुवार को गुमला थाना पहुंची एवं पुलिस को सारी सच्चाई बताई। लड़की द्वारा मोबाइल से अपने पिता को उसका अपहरण किए जाने की सूचना देने पर थाना में पिता द्वारा बुधवार को सुमन महतो के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें लड़की के पिता ने सुमन महतो पर उसकी पुत्री के साथ शादी के लिए दबाव देने एवं शादी नहीं करने पर पूर्व में अंजाम भुगताने की चेतावनी देने एवं इसी के तहत अपहरण करने का आरोप लगाया गया था। सच्चाई सामने आने के बाद अपहरण की बात झूठी निकली।
थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि लड़की सुमन महतो से शादी करना चाहती थी जबकि इसके लिए उसके पिता तैयार नहीं थे। इसके बाद उसने खुद की अपहरण की साजिश रची एवं गुमला से भागकर रांची चली गई। वहां से उसने किसी नंबर से अपने पिता को फोन कर उसका अपहरण कर लिए जाने एवं किसी जंगल में रखकर उसके साथ मारपीट करने की जानकारी दी। पुलिस द्वारा सुमन महतो की खोज की गई तो वह घटना वाले दिन अपने स्कूल में मिला। पूछताछ में सुमन ने पुलिस को बताया कि लड़की खुद उसके साथ शादी करने की जिद करती है एवं उसने लड़की द्वारा अपहरण की साजिश रचे जाने की बात पुलिस को बताई। पुलिस के दबाव व सुमन द्वारा लड़की को फोन कर सच्चाई बताने के बाद लड़की बुधवार की शाम गुमला थाना पहुंची। पुलिस ने लड़की को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।