गुमला में सोनिया ने खेला आदिवासी कार्ड
गुमला : कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को गुमला में आयोजित चुनावी सभा में आदि
गुमला : कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को गुमला में आयोजित चुनावी सभा में आदिवासी कार्ड खेलते हुए क्षेत्र के आदिवासियों को कांग्रेस की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि प्रचुर संपदा से परिपूर्ण झारखंड व क्षेत्र की जनता विशेषकर यहां के आदिवासियों के विकास में भाजपा बाधक बनी रही। कहा कि राज्य गठन से अब तक राज्य में अधिक समय तक भाजपा की सत्ता रही और इस दौरान विकास के बदले अराजकता, भ्रष्टाचार व नक्सलवाद में काफी बढ़ोतरी हुई। नरेन्द्र मोदी के गुजरात की चर्चा करते हुए कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है उस राज्य की जनता कुपोषण से ग्रसित है। कांग्रेस को सभी जाति व धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि यूपीए ने अपने शासन काल में सभी वर्गो के विकास के लिए काम किया एवं कई जनोपयोगी योजनाओं को धरातल पर लाने का किया। कहा कि भाजपा ने नया कुछ नहीं किया बल्कि कांग्रेस की नीतियों व योजनाओं का नाम बदलकर लोगों के सामने अपनी वाहवाही लूटने का प्रयास किया है। भगवान बिरसा मुंडा की धरती को खुशहाल बनाने, विकास व सुशासन लाने के साथ क्षेत्र के आदिवासियों का सार्वगिण विकास करने के लिए राज्य की सत्ता कांग्रेस को सौंपने का अनुरोध जनता से किया। इस दौरान कांग्रेस के झारखंड प्रभारी बी.के. हरि प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। चुनावी सभा में लगभग पांच हजार से ज्यादा लोग उपस्थित थे।