एजेंडा पर होगा जोरों से काम : सूरज
घाघरा : आदिवासी छात्र संघ के द्वारा आदिवासी बचाओ रैली का आयोजन घाघरा के हाई स्कूल मैदान में किया गया
घाघरा : आदिवासी छात्र संघ के द्वारा आदिवासी बचाओ रैली का आयोजन घाघरा के हाई स्कूल मैदान में किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित संघ के सूरज कुमार खलखो ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासियों के अधिकार के लिए बारह सूत्री मांगों को लेकर छात्र संघ का गठन हुआ था। लेकिन 2009 से हमारा संघ व एजेंडा दोनों ही कमजोर होते जा रहे हैं। हमें एजेंडा पर पुन: जोर शोर से काम करना होगा। उन्होंने बगैर नाम लिए छात्र संघ के अगुवाई करनेवालों को इसके लिए दोषी ठहराया। श्री खलखो ने यह भी कहा कि हमारा आदिवासी छात्रसंघ आज पूरे झारखंड में एक बड़ा संगठन के रूप में पनप रहा है। लेकिन साजिश के तहत कुछ लोग हमारी आवाज को विधानसभा में उठने तक नहीं दिया। 2014 में आदिवासी छात्र संघ का स्थापना दिवस नहीं मनाने को साजिश बताते हुए कहा कि आदिवासी छात्र संघ को कमजोर करने का यह एक सोची समझी रणनीति है। संघ के जिलाध्यक्ष रामावतार भगत ने कहा कि छात्र संघ आदिवासियों के हक व अधिकार के लिए बना है। उन्होंने हिंडालको पर निशाना साधते हुए कहा कि विगत तीस वर्षाें से हिंडालको यहां खनन कर रही है। लेकिन आज तक इस क्षेत्र का विकास नहीं हुआ है। आदिवासी शोषित हो रहे हैं। यदि हिंडालको कार्य में सुधार नहीं लाएगी तो कार्य ठप कर भूमि पर पौधरोपण व खेती किया जाएगा। सम्मेलन में सूरज कुमार खलखो को आदिवासी छात्र संघ का केंद्रीय अध्यक्ष व रामावतार भगत को केंद्रीय महासचिव बनाया गया। बताते चले कि कार्यक्रम में बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा को कार्यक्रम में आमंत्रित नही किया गया था। जो कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय रहा। इस मौके पर मुख्य रूप से दिनेश्वर भगत, बालकिशुन उरांव, राजेंद्र भगत, संजय टाना भगत, राजेंद्र भगत, प्रकाश भगत, सुनीता उरांव सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।