प्रसव के लिए आई गर्भवती महिलाएं अस्पताल से लौटीं
गुमला : सदर अस्पताल में एकमात्र सिजेरियन डॉ. आशा एक्का के छुट्टी पर चले जाने के कारण प्रसव कराने आई शांति नगर निवासी गूंजन देवी, खोरा निवासी आशा देवी व डुमरला निवासी सुषमा देवी को वापस लौटना पड़ा। सिजेरियन के नहीं रहने के कारण कर्मियों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती करने से इंकार कर दिया गया। लेकिन जब सिविल सर्जन डॉ. एलएनपी बाड़ा को इस बात की जानकारी हुई तो वे मौजूद चिकित्सक को भर्ती करने का निर्देश दिया। अस्पताल में एक भी महिला चिकित्सक के नहीं रहने व प्रसव कराने की बात पर परिजनों ने नाराजगी व्यक्त किया। परिजनों का कहना था कि सरकार द्वारा प्रसव कराने के लिए ममता वाहन सहित कई सुविधाएं दी जाती है। दूसरी ओर अस्पतालों में चिकित्सक ही नहीं रहते हैं। ज्ञात हो कि सदर अस्पताल में कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ. प्रतिभा नारायण व डॉ. शबनम का स्थानांतरण नवंबर माह में हो चुका है। स्थानांतरण के बाद से सदर अस्पताल में एकमात्र सिजेरियन डॉ.आशा एक्का कार्यरत हैं। वह भी गुड फ्राइडे को लेकर पांच दिनों की छुट्टी पर हैं। महिला चिकित्सकों के नहीं रहने पर प्रसव के लिए आई गर्भवती महिलाओं के परिजनों ने अन्यत्र ले जाना ही मुनासिब समझा। इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन डॉ. एलएनपी बाड़ा ने कहा कि महिला चिकित्सक की समस्या बरकरार है। एक ही सिजेरियन के भरोसे सदर अस्पताल चल रहा है।