गुड फ्राइडे पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन
रायडीह : मांझाटोली पेरिश में पवित्र शुक्रवार के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सभा के मुख्य अधिष्ठाता फा. सिरिल कुल्लू ने बाइबिल के चार अध्याय के मुख्य बातों से धर्म विश्वासियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के बुराई व पापों के लिए के लिए प्रभु यीशु ने क्रूस पर अपना बलिदान दिया। क्रूस पर पहले दुर्दात अपराधियों को लटकाया जाता था, लेकिन प्रभु यीशू ने क्रूस पर अपने प्राणों की आहुति देकर मानव जाति का उद्धार कर क्रूस को पवित्र किया था। मानव अनंत जीवन में प्रवेश के लिए समस्त मनोविकारों व पापों को छोड़कर ईश्वर के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। प्रभु यीशु ने क्रूस पर चढ़ानेवालों को भी क्षमा किया था। गुड फ्राइडे प्रेम व क्षमा का संदेश देता है। क्षमा करना बहुत ही साहसिक कार्य है। इसलिए मानव मुक्ति के लिए उन्होंने यह कार्य किया था। सच्चे मन से पवित्र हृदय से क्रूस की उपासना करें जिससे ईश्वर का प्रेम मिल सके। अपने जीवन में दूसरों के लिए ही खुशी देने का कार्य करना चाहिए। इसके अतिरिक्त कापोडीह, जोकारी, मुरूमकेला पेरिश में गुड फ्राइडे के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान किया गया। मौके पर फा. जोन डुंगडुंग, फा विजय तिग्गा, फा इग्नासियुस मिंज, फा. प्रेम प्रकाश इंदवार, सिस्टर पुष्पा खेस, सि. मरियम, सि. समीरा, जोहानुस मिंज आदि मौजूद थे।